सुभाष पिमोली- थराली/चमोली।
जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए सरकार की मंशा अनुरूप सरकार जनता के द्वार के अन्तर्गत जनपद के दूरस्थ स्थानों पर बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
बहुउद्देशीय शिविर में जनता की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण किया जा रहा है, शनिवार को विकासखण्ड थराली के दूरस्थ क्षेत्र राजकीय इण्टर कालेज कुनी -प्रार्था में उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह रावत की अध्यक्षता में शिविर का आयोजन किया गया, उपजिलाधिकारी ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविर में उठाई गयी जनसमस्याओं का प्राथमिकता से अधिकारी समाधान करें, पंजीकृत समस्याओं की माॅनिटरिंग भी की जायेगी,इस अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा कालेज परिसर में पौधारोपण भी किया गया।
शिविर में संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित द्वारा सरकार जनता के द्वार के तहत बहुउद्देशीय शिविर लगाकर जन समस्याओं का समाधान किया जा रहा हैं, उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय बनाकर क्षेत्र में जाकर जनता की समस्यायें सुने व उनकी समस्याओं का समाधान किया जाय।
उन्होंने जनता से अपील की सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठायें, उन्होंने कहा कि समस्यायें होती है तो उनका समाधान भी अवश्य होता है लेकिन कई समस्याओं के समाधान में समय लग सकता है, इसलिए धैर्य भी जरूरी है।
बहुउद्देशीय शिविर में 40 समस्यायें पंजीकृत हुई, जिसमें से 30 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, बाकी समस्याओं को जल्द निस्तारण के लिए उपजिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया, शिविर में एक दर्जन विभागों द्वारा स्टाॅल लगाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारियां दी गयी।
इस मौके पर ग्राम प्रधान मीना देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुन्नी देवी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अभिषेक गुप्ता, तहसीलदार अक्षय पंकज, खंड विकास अधिकारी नितिन धानिया, खाद्य निरीक्षक, विद्युत विभाग, जल संस्थान, जल निगम के अधिकारी, कर्मचारी सहित ग्रामीण जनता मौजूद रही।
