नवीन चन्दोला- थराली/ चमोली.
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में नव प्रवेशित निर्धन छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय एवं स्थानीय समाजसेवियों द्वारा पहल योजना के अन्तर्गत छात्रवृत्ति दी गई।
प्रथम लाभार्थी खुशी को बीए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश शुल्क प्रदान कर इसका शुभारंभ किया गया।शिक्षण सत्र 2026-27 से महाविद्यालय में ऐसे छात्र-छात्राएं जो कि निर्धन हैं और आर्थिक कमजोरी की वजह से उच्च शिक्षा में प्रवेश प्राप्त करने से वंचित रह जातें हैं उनकी मदद के लिए प्रवेश शुल्क, परीक्षा शुल्क, गणवेश एवं किराया वहन किया जायेगा।
प्राचार्य डॉ सेराज मोहम्मद ने बताया कि महाविद्यालय के प्राध्यापको, कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से वित्त पोषित “पहल” नामक योजना चलाई जा रही है। जिस हेतु प्रवेशार्थी की पात्रता से सम्बन्धित कुछ दस्तावेज जमा करना अनिवार्य हैं। प्रवेशार्थी द्वारा बीपीएल कार्ड की सत्यापित प्रति, अभिभावक की आय जो कि 60 हजार वार्षिक से अधिक ना हो, शैक्षणिक सत्र के दौरान प्रवेशार्थी का चरित्र व शैक्षिक निष्पादन उच्च कोटि का एवं निर्धारित उपस्थिति प्रतिशत अनिवार्य होगा ताकि प्रवेशार्थी को अग्रिम कक्षाओं में भी इस छात्रवृत्ति का लाभ मिल सकेगा।
प्राचार्य डॉ सेराज मोहम्मद ने सभी आर्थिक सहयोग देने वाले नागरिकों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिकाधिक विधार्थियों से महाविद्यालय में प्रवेश लेने की अपील की ।इस अवसर पर संयोजक पहल योजना डॉ ललित जोशी, कोषाध्यक्ष हुकम सिंह तथा समाजसेवी एडवोकेट यशपाल सिंह फरस्वाण उपस्थित रहे।















