नवीन चन्दोला- नारायणबगड़/चमोली।
ग्राम पंचायत तुनेड़ा में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत पुराण एवं ज्ञान यज्ञ का रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन एवं विशाल प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धापूर्वक समापन हो गया। 07 जून से 15 जून तक चले इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के दौरान कथावाचक आस्तिक नारायण सती ने श्रीमद्भागवत महापुराण की विभिन्न कथाओं का विस्तार से वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म,भक्ति,सदाचार और मानव जीवन के मूल्यों का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में नैतिकता,प्रेम,भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना का संचार करने का माध्यम है।
समापन के अवसर पर यज्ञशाला में विधि-विधान से पूर्णाहुति एवं हवन का आयोजन किया गया, जिसमें यजमानों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। इसके बाद विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस धार्मिक अनुष्ठान के यजमान राजेंद्र सिंह,नंदन सिंह, जय सिंह,ईश्वर सिंह,जगमोहन सिंह एवं दिगम्बर सिंह रहे। यजमान परिवारों ने अपने पितरों की आत्मा की शांति एवं परिवार की सुख-समृद्धि के लिए श्रीमद्भागवत पुराण एवं ज्ञान यज्ञ का आयोजन कराया। आयोजन समिति ने बताया कि पूरे नौ दिनों तक चले इस कार्यक्रम में ग्रामीणों का उत्साह और सहयोग सराहनीय रहा।
कथा एवं यज्ञ के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा तथा लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हुई। समापन अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, महिला मंगल दलों की सदस्याएं, युवा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
