राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में मनाया गया योग दिवस।

नवीन चन्दोला- थराली/चमोली।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता और रुचि दिखाई।

कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ सेराज मोहम्मद के दिशा निर्देशन में किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं और कर्मचारियों में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।

इस अवसर पर योग के माध्यम से शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षक कुशलानंद सती के नेतृत्व में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों सहित पूरे स्टाफ ने उत्साह के साथ योग क्रियाओं में भाग लिया और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।

प्राचार्य डॉ सेराज मोहम्मद ने कहा कि वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव और अनियमित जीवनशैली के कारण योग की उपयोगिता और भी बढ़ गई है। नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी सहायक है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे योग को केवल एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि इसे नियमित अभ्यास का हिस्सा बनाएं। यह योग सत्र अनुशासन, स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश देने वाला रहा। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्रशिक्षक ज्योति , संजीवनी,सिमरन, प्रियंका,किरन, दीपक,डॉ प्रतिभा आर्या, महाविद्यालय मीडिया प्रभारी डॉ ललित जोशी, डॉ नीतू पांडे, रजनीश कुमार, मनोज कुमार,अनुज कुमार, डॉ पुष्पा रानी, रजनी नेगी, सुधा राना, डॉ खेमकरण, डॉ जमशेद अंसारी, डॉ सुनील कुमार, नीतीश कुमार महीपाल सिंह धीरेन्द्र नेगी, थान सिंह,दीपा देवी, मनोज देवराड़ी,गुड्डू सिंह आदि उपस्थित रहे।