समय पर उपचार नहीं मिलने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली से रेफर गर्भवती महिला ने एम्बुलेंस में तोड़ा दम।

नवीन चन्दोला- थराली/चमोली.

बीते सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली से रेफर कुराड़ गांव(आफर तोक) की गर्भवती महिला ने 108 एम्बुलेंस में दम तोड़ दिया हैं,कर्णप्रयाग अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हैं।

मृतका सरिता देवी के भाई पप्पू सोलियाल ने बताया कि गर्भवती महिला सरिता देवी (उम्र -35 साल) पत्नी नरेंद्र कुमार,को प्रसव पीड़ा होने पर सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली लाया गया, जहां सुबह 8 बजे गर्भवती महिला बिलकुल स्वस्थ थी, लेकिन डाक्टर की नाइट ड्यूटी होने के कारण डाक्टर ने 3 घंटे देरी से गर्भवती महिला का चेकअप 11 बजे किया, और गायनोलाजिस्ट नहीं होने पर लगभग 3 बजे महिला को रेफर किया गया, डाक्टरों व नर्स की लापरवाही के चलते नारायणबगड़ के समीप महिला ने एम्बुलेंस में ही दम तोड़ दिया, उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस में आक्सीजन सिलेंडर और पंखा भी नहीं था।

ग्राम प्रधान लेटाल चमेली देवी ने बताया कि सरिता देवी के दो बच्चे नितिन कुमार (उम्र -15 वर्ष)व पायल (उम्र -8 वर्ष) है, जो बेसहारा हो गए हैं, मृतका के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा हैं, परिजनों ने इस सम्बन्ध में उचित कार्यवाही की मांग की हैं।