खनन सामग्री के डंपरों से थराली बाजार में लग रहा जाम,राहगीरों का पैदल चलना हुआ मुश्किल।
*अत्यधिक भार के कारण थराली मुख्य बाजार व सुनगाड़ गधेरा दोनों पुलों का अस्तित्व भी खतरे में।
नवीन चन्दोला- थराली/चमोली।
वर्तमान समय में चेपड़ो में रीवर ड्रेजिंग का कार्य चल रहा हैं, जिसमें खनन सामग्री लाते- ले जाते हुए डंपरों से थराली मुख्य बाजार में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती हैं, जिससे पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम जनता का पैदल चलना मुश्किल हो गया हैं।
बताते चलें कि सुबह लगभग 7:00 बजे से रात के लगभग 8:00 बजे तक लगातार डंपरों की आवाजाही के कारण व्यापारी भी धूल के कारण परेशान हैं, धूल के कारण व्यापारियों का सामान खराब हो रहा है, और उड़ती धूल और जाम के कारण खाद्य सामग्री, होटल व्यवसायियों के व्यवसाय पर भी असर देखने को मिल रहा हैं।
खनन सामग्री के डंपरों से थराली मुख्य बाजार के पुल और सुनगाड़ गधेरे के पुल पर भी अत्यधिक दबाव पड़ रहा हैं, पुल की भार क्षमता 16 टन व 20 टन हैं, जबकि दो-तीन डंपर एक साथ चलने से दोनों पुलों की जर्जर स्थिति बनी हुई हैं, पिछले कुछ वर्षों से लगातार पुल पर भार वहन क्षमता से अधिक भार के कारण दो बार थराली मुख्य बाजार के पुल की मरम्मत का कार्य भी किया गया था और खानापूर्ति के लिए लोक निर्माण विभाग थराली के द्वारा बोर्ड तो लगाया गया था, लेकिन पुलिस- प्रशासन के द्वारा कोई भी व्यक्ति पुल पर इन नियमों का पालन करने के लिए भी मौजूद नहीं हैं, स्थानीय व्यापारियों ने इस संबंध में उचित कार्यवाही की बात कही हैं।
