निर्धन छात्र-छात्राओं के लिए महाविद्यालय तलवाड़ी में “पहल योजना” की शुरुआत।

नवीन चन्दोला- थराली/चमोली।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी नव प्रवेशित निर्धन छात्र/छात्राओं के लिए महाविद्यालय तलवाड़ी एवं स्थानीय समाजसेवियों द्वारा पहल योजना के अन्तर्गत शिक्षण सत्र 2026-27 में महाविद्यालय में ऐसे छात्र-छात्राएं जो कि निर्धन हों एवं आर्थिक कमजोरी की वजह से उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह जातें हैं उनकी मदद के लिए प्रवेश शुल्क वहन करने की शुरुआत की हैं।

प्राचार्य डॉ सेराज मोहम्मद ने बताया कि इन प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से पोषित योजना का नाम पहल योजना रखा गया है।जिस हेतु प्रवेशार्थी की पात्रता से सम्बन्धित कुछ दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा जैसे प्रवेशार्थी द्वारा बी०पी०एल० कार्ड की सत्यापित (ग्राम प्रधान द्वारा) छायाप्रति, अभिभावक की आय 60000 (साठ हजार मात्र) वार्षिक ‌सहित शैक्षणिक सत्र के दौरान प्रवेशार्थी का चरित्र उत्तम एवं उपस्थिति 75 प्रतिशत अनिवार्य होनी चाहिए जिससे की प्रवेशार्थी को अग्रिम कक्षाओं में भी लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया यदि प्रवेशार्थी का व्यवहार, अनुशासन एवं उपस्थिति का प्रतिशत उत्तम रहेगा तो भविष्य में उक्त छात्र-छात्रा का परीक्षा शुल्क वहन करने पर भी विचार किया जायेगा, प्राचार्य ने संयोजक “पहल योजना” मोहित उप्रेती सहित सभी सहयोगी जनों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक विधार्थियों से महाविद्यालय में प्रवेश लेने की अपील की हैं।