नवीन चन्दोला- नारायणबगड़/चमोली।
जलवायु परिवर्तन का पारिस्थितिकी तंत्र और जैव विविधता पर प्रभाव विषय पर जन जागरूकता अभियान को लेकर देवभूमि स्वरोजगार फाउन्डेशन (ट्रस्ट) की ओर से जनपद चमोली के राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणबगड़ के सभागार में जन जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों एवं लोगों में जलवायु परिवर्तन, पारिस्थितिकी तंत्र, जैव विविधता का पर्यावरण पर पड़ रहे कुप्रभाव के प्रति पर्यावरणीय समझ एवं जागरूकता विकसित करना रहा, इस मौके पर कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता डॉ विक्रम सिंह नेगी( विभागाध्यक्ष वनस्पति विज्ञान HNBGU,पौड़ी परिसर) एवं विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी नारायणबगड़ अनी नाथ ,अति विशिष्ट अतिथि ट्रस्ट के चेयरमैन इंद्र सिंह रमोला के द्वारा किया गया।
कार्यशाला में राजकीय इंटर कॉलेज (नारायणबगड़, रेंस, चोपता, बूंगा नैणी, सणकोट, हरमनी,भगोती, गैरबारम, झिंझोडी,हंसकोटी, कोब, सैंज खेतोली,मींग, सिलोड़ी आदि ब्लॉक नारायणबगड़ के समस्त स्कूलों के छात्र छात्राओं एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
अति विशिष्ट अतिथि वन क्षेत्राधिकारी पश्चिमी पिंडर रेंज नारायणबगड़ अखिलेश भट्ट ने भी छात्रों को जल जंगल जमीन को बचाने के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ विक्रम सिंह नेगी ने अपने 20 साल के जलवायु परिवर्तन रिसर्च हिमालय की जैव विविधता की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बीते सालों से ताप बढ़ने से ग्लेशियरों का पिघलना अधिक हुआ हैं, साथ ही यह भी अवगत कराया कि सबसे अधिक जैव विविधता हिमालय में ही है उन्होंने सभी शिक्षाविदों से जलवायु परिवर्तन पर चिंतन इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया ।
खंड शिक्षा अधिकारी नारायणबगड़ अनी नाथ के द्वारा छात्रों द्वारा जलवायु परिवर्तन पर बनाए गए पोस्टर एवं उनकी प्रतिभाओं को सराहा गया साथ ही उन्होंने सभी शिक्षको एवं छात्रों को विद्यालय में भी इस विषय पर जानकारी देने की भी बात कही।
तत्पश्चात छात्र छात्राओं द्वारा भाषण प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता ,विचार गोष्ठी का प्रस्तुतीकरण किया गया ट्रस्ट के चेयरमैन इंद्र सिंह रमोला द्वारा सभी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया,अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ जी एस नेगी द्वारा अपनी जलवायु परिवर्तन रिसर्च टॉपिक को सबके सम्मुख रखकर पर्यावरणीय असंतुलन पर चिंता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में मंच संचालन हरीश जोशी प्रवक्ता हिंदी एवं शिक्षक रसायन विज्ञान नरेंद्र रावत के द्वारा किया गया,इस मौके पर समस्त ब्लॉक के शिक्षक , शिक्षिका, छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
