नवीन चन्दोला- थराली/चमोली
शहीद भवानी दत्त स्मारक इण्टर कॉलेज चेपड़ो में नए शैक्षिक सत्र के अवसर पर प्रवेश उत्सव बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य दिगपाल सिंह गड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती मंत्रों के उच्चारण के साथ प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवी जोशी, पीटीए अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद जोशी, पूर्व पीटीए अध्यक्ष हरपाल सिंह तथा प्रधानाचार्य द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का माल्यार्पण कर शिक्षकों द्वारा हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य ने विद्यालय की शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक उपलब्धियों की जानकारी दी तथा विद्यालय में संचालित एनसीसी एवं विभिन्न छात्रवृत्तियों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति और शिक्षा के प्रति सहयोग का आग्रह करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवी जोशी ने विद्यालय परिवार को हर सम्भव मदद का आश्वासन देते हुए इस वर्ष आपदा में क्षतिग्रस्त कक्ष का पुनर्निर्माण करने व विद्यालय को ड्रम सेट देने की घोषणा की ।कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता रही और सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।
कार्यक्रम के अंत मे विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों व छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मंच संचालन प्रवक्ता मधुसूदन ने किया एवं विद्यालय के अध्यापक महिपाल राम आर्य ,कलावती तिवारी, प्रकाश, शिवलाल मेटोला,दीपक, गौतम सिंह,बिपुल पंवार, एकता पुरोहित, सुनीता पंवार,तृप्ति बिष्ट,मनीषा,सुमन धीमान ,लक्ष्मी देवराड़ी, रंजीत आदि लोग उपस्थित रहे।
