नवीन चन्दोला- देवाल/चमोली।
बुधवार को विकासखंड देवाल के ग्राम सभा पलवरा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, नलधूरा और टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया, मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) के माध्यम से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुँचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर के सफल संचालन में टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज के फील्ड इन्वेस्टिगेटर सुरेंद्र सिंह का विशेष सहयोग रहा, उनके समन्वय से आयोजित इस शिविर में सतलुज संजीवनी के अनुभवी MBBS डॉक्टरों द्वारा मरीजों का गहन परीक्षण किया गया, शिविर में बुखार, सर्दी, खाँसी और पेट दर्द जैसी सामान्य समस्याओं के साथ-साथ बीपी, शुगर और NCD (गैर-संचारी रोग) से संबंधित विशिष्ट जाँचें भी की गई।
शिविर में सभी आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की विशेष जाँच की गई और उन्हें उचित परामर्श दिया गया, इस अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर नलधूरा की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) पूनम, फील्ड इन्वेस्टिगेटर सुरेंद्र सिंह और MMU की पूरी टीम उपस्थित रही, ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और इसे “स्वस्थ गाँव – मजबूत गाँव” की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
