थराली में पूर्व विधायक डा. जीतराम ने की प्रेस वार्ता, नगर के विकास के लिए कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता रावत के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

नवीन चन्दोला- थराली/चमोली।

आज मंगलवार को नगर निकाय चुनाव थराली में प्रचार के अंतिम दिन पूर्व विधायक थराली डा. जीतराम ने कांग्रेस कार्यालय थराली में प्रेस वार्ता की।

प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक थराली डा. जीतराम ने बताया कि बीते 5 वर्षों में भी केंद्र, राज्य, जिले और नगर पंचायत थराली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही है, लेकिन इन पांच वर्षों में विकास के कार्य धरातल पर नहीं हुए हैं, इसलिए जनता इस बार बदलाव चाह रही है, नगर पंचायत थराली की जनता ने इस बार परिवर्तन का मन बना लिया हैं।

कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता रावत ने बताया कि भाजपा की प्रत्याशी मीडिया के सामने बातचीत करने में भी कतरा रही हैं, उनको नगर पंचायत थराली की मूलभूत समस्याओं का पता ही नहीं हैं,जब मैं नगर क्षेत्र में प्रचार अभियान में गांव-गांव घर-घर और प्रत्येक वार्ड में जा रही हूं तो कई स्थानों पर रास्ते नहीं बने हैं, नालियां नहीं बनी हैं, सार्वजनिक स्थानों पर सोलर/ स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है, शौचालय नहीं बने हैं, बीते दो वर्षों में प्राणमति नदी पर थराली गांव को थराली नगर से जोड़ने वाला पुल नहीं बन पाया हैं, और इन 5 वर्षों में धरातल पर कोई भी कार्य नहीं हुआ है।

सुनीता रावत ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जो नगर पंचायत की समस्याएं बनी हुई हैं, मैं यह संकल्प लेती हूं कि चुनाव जीतने के बाद नगर पंचायत थराली में विकास कार्यों को एक नई गति मिलेगी और नगर पंचायत थराली का चंहुमुखी विकास होगा।