नवीन चन्दोला- थराली/चमोली।
थराली विधानसभा क्षेत्र के विकासखण्ड नन्दानगर में नन्दप्रयाग-घाट (नन्दानगर) मोटर मार्ग पर सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य हेतु 35 करोड़ 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत होने पर विधायक भूपाल राम टम्टा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा,गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी व विभागीय मंत्री सतपाल महाराज का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया हैं, इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टम्टा ने समस्त क्षेत्रवासियों को बधाई दी हैं।
थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने दूरभाष पर हुई वार्ता में बताया कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों की यह डेढ़ लेन सड़क की मांग थी,नंदप्रयाग से नंदानगर तक सड़क की स्थिति बहुत खराब थी,जिसके लिए क्षेत्रवासियों ने कई आंदोलन भी किए थे और आज उनका सपना पूरा हुआ हैं।
विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया यह मार्ग नंदा राजजात व लोकजात यात्रा में श्रद्धालुओं के वापसी का मार्ग भी हैं, साथ ही वर्ष 2026 में विश्व की सबसे लंबी पैदल यात्रा “नंदा राजजात” यात्रा की समस्या को देखते हुए केन्द्रीय सड़क स्थापना निधि के CRIF मद से बहुप्रतीक्षित इस मोटर मार्ग के लिए नन्दप्रयाग-घाट (नन्दानगर) मोटरमार्ग पर सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य हेतु 35 करोड़ 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई हैं, जिसके लिए में समस्त क्षेत्रवासियों को बहुत बहुत बधाई देता हूं और शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करता हूं।
